हिसार डेयरी संचालक हत्याकांड में महापंचायत का अल्टीमेटम, 14 अगस्त को टोल प्लाजा बंद करने की चेतावनी
हिसार में डेयरी संचालक जीवन हत्याकांड के विरोध में महापंचायत। 13 अगस्त का अल्टीमेटम, 14 अगस्त को टोल प्लाजा बंद करने की चेतावनी।
हिसार: सूर्य नगर में डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हिसार के लघु सचिवालय में चल रहा धरना अब बड़े आंदोलन में बदलता नजर आ रहा है. गुरुवार को लघु सचिवालय में हुई महापंचायत में किसान संगठनों, खाप पंचायतों, किसान नेताओं और विपक्षी दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया. महापंचायत ने प्रशासन को 13 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है.
महापंचायत में ग्रामीणों का अल्टीमेटम: महापंचायत का कहना है कि यदि तय समय तक हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 14 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक हरियाणा के सभी टोल प्लाजा बंद कराए जाएंगे. इसके लिए प्रत्येक टोल पर करीब पांच हजार लोगों के पहुंचने का आह्वान किया गया है. इसके बाद भी यदि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो आंदोलनकारी 15 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को हांसी या हरियाणा के किसी भी जिले में तिरंगा फहराने से रोकने की चेतावनी दे रहे हैं. हालांकि, यह चेतावनी कानून-व्यवस्था के लिहाज से प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी करती है.
10 दिन बाद भी मुख्य आरोपी फरार: सूर्य नगर में 8 अगस्त को डेयरी संचालक जीवन पर करीब 10 से 15 लोगों ने कथित तौर पर लाठियों से हमला किया था. गंभीर रूप से घायल जीवन की मौत हो गई थी. मामले में पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था. पुलिस ने मुख्य आरोपी रमेश की गिरफ्तारी के लिए लुकआउट नोटिस जारी करने के साथ 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. उसकी तलाश के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित की गई हैं.
मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार: पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. हाल ही में पुलिस ने गजेंद्र उर्फ गंजू पंडित पुत्र हरिकिशन निवासी भाटला और साहिल पुत्र वेद प्रकाश निवासी सिंघवा राघो को गिरफ्तार किया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है. इसके बावजूद मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार और आंदोलनकारियों में नाराजगी बनी हुई है.
अंतिम संस्कार तक नहीं हुआ: इस मामले में एक अहम और संवेदनशील पहलू यह है कि मृतक जीवन के परिजनों ने अभी तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है. परिवार के सदस्य हिसार के लघु सचिवालय में धरने पर बैठे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. महापंचायत में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.
विधायक नरेश सेलवाल ने सरकार पर साधा निशाना: उकलाना से कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने हत्या के मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. सेलवाल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार को प्रदेश की कानून-व्यवस्था की चिंता नहीं है और मुख्यमंत्री पंजाब के चुनाव में व्यस्त हैं.
पूर्व मंत्री छत्रपाल सिंह बोले, मजबूर होकर लेना पड़ा फैसला: पूर्व मंत्री छत्रपाल सिंह ने कहा कि महापंचायत ने यह फैसला मजबूरी में लिया है. उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को हरियाणा के टोल प्लाजा बंद किए जाएंगे और 15 अगस्त को मुख्यमंत्री को तिरंगा फहराने से रोकने का फैसला किया गया है. संघर्ष समिति से जुड़े पूनिया खाप के प्रधान शमशेर नंबरदार और किसान नेता सुरेश ने भी कहा कि महापंचायत में सभी पक्षों को बुलाया गया था और सर्वसम्मति से आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया.
मुख्य आरोपी फरार: फिलहाल पुलिस पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कह रही है, जबकि मुख्य आरोपी रमेश फरार है. दूसरी ओर परिवार का धरना जारी है और अंतिम संस्कार नहीं हुआ है. ऐसे में 13 अगस्त की समयसीमा इस मामले में निर्णायक मोड़ साबित हो सकती है.