भिवानी में पटवारियों और कानूनगो की दो दिवसीय हड़ताल, रजिस्ट्री-जाति प्रमाण पत्र का काम अटका
भिवानी में दी रेवन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन ने 20 और 21 अगस्त को दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल शुरू की है। जानिए पटवारियों की मुख्य मांगें।
भिवानी। जिले भर में पटवारियों और कानूनगो ने 20 अगस्त 2026 को दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल शुरू की। यह हड़ताल लघु सचिवालय के बाहर मुख्य गेट पर धरने के साथ आरंभ हुई। दी रेवन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर यह हड़ताल की गई है।
एसोसिएशन ने नए पोर्टल को कानूनी मान्यता देने के लिए संशोधित लैंड रिकॉर्ड मैनुअल जारी करने की मांग की। डिजिटल क्रॉप सर्वे को अन्य राज्यों की तर्ज पर निजी एजेंसियों से करवाने की बात कही गई। मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान सुमेर कानूनगो ने की और मंच संचालन पूर्व जिला प्रधान सुनील कौशिक ने किया। सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष सुदर्शन सरोहा, जिला प्रधान सुमेर आर्य, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र और राजकुमार ने भी धरने को संबोधित कर समर्थन दिया।