भिवानी में राज्य स्तरीय स्कूल एथलेटिक्स में बदहाली, खिलाड़ियों को मिली लकड़ी की बैटन
भिवानी के भीम स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। खिलाड़ियों ने खुराक भत्ता न मिलने और बदहाली के आरोप लगाए।
भिवानी। भीम स्टेडियम में आयोजित हरियाणा राज्य स्तरीय स्कूल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। कई जिलों के टीम इंचार्जों पर खिलाड़ियों को खुराक भत्ता न देने और मांगने पर प्रतियोगिता से बाहर करने की धमकी देने का आरोप लगा है। वहीं हाथ में लकड़ी की डंडी पकड़ाकर रिले रेस कराने का भी आरोप है।
आयोजक जिला सहायक खेल अधिकारी प्रितपाल ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक प्रदेशभर से 2590 खिलाड़ियों ने मुक्केबाजी और एथलीट की विभिन्न आयु वर्ग की स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। प्रितपाल के अनुसार, तीन दिनों तक किसी तरह की कोई अव्यवस्था या खामी सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि अंतिम दिन खिलाड़ियों के मुकाबले होने के बाद इस तरह की बातें निराधार हैं। खेलों के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई थीं। स्टेडियम में सिंथेटिक्स एथलीट ट्रैक की मैट फटी होने के कारण खेल की व्यवस्था दूसरी जगह की गई थी।