भिवानी में 17 दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, 65 जगहों पर लगे कूड़े के ढेर और बढ़ा फॉगिंग संकट
भिवानी में सफाई कर्मचारियों की 17 दिन से हड़ताल जारी। शहर में 65 स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे, 31 वार्डों में फॉगिंग ठप।
भिवानी। शहर में 17 दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कूड़ा सड़ने लगा है। 31 वार्डों में फॉगिंग नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। शुक्रवार को कूड़ा उठान पर हड़ताली कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों में तनातनी के बाद यह काम भी रुक गया।
पिछले 17 दिनों से शहर के मुख्य रास्तों और गली-मोहल्लों के नुक्कड़ पर लगे कूड़े के ढेर में अब लोग आग लगाने लगे हैं। इससे आबोहवा में जहरीला धुआं फैल रहा है और राहगीरों को परेशानी हो रही है। वैश्य स्कूल कृष्णा कॉलोनी मोड़, सर्कुलर रोड, वैश्य स्कूल के समीप, मानान पाना, अशोका रोड, बीटीएम चौक के समीप सहित शहर में करीब 65 जगहों पर कूड़ा प्वाइंट बन चुके हैं। इन स्थानों पर रोजाना कूड़ा बढ़ रहा है और कई जगह यह करीब आधी सड़क तक फैल चुका है जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है।
फॉगिंग का शेड्यूल भी अब तक नहीं बना
बारिश और उमस के मौसम में मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। शहर के 31 वार्डों में मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग कराना नगर परिषद की जिम्मेदारी है। नगर परिषद की करीब चार टीमें फॉगिंग के काम में लगाई जाती हैं। परिषद के पास चार से पांच फॉगिंग मशीनें हैं जिन्हें टिप्पर ऑटो में रखकर शहरी क्षेत्र में सुबह और शाम फॉगिंग कराई जाती है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण फॉगिंग का शेड्यूल भी अब तक नहीं बन पाया है। शहर में फैली गंदगी और मच्छरों के कारण लोगों की सेहत पर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।