भिवानी मौसम अपडेट: बारिश-आंधी से मिली राहत, कहीं पेड़ गिरने से जाम
भिवानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश से गर्मी में राहत, लेकिन आंधी से पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए क्या कहा? पढ़ें अपडेट।
भिवानी। शहर सहित कैरू, देवराला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। इससे गर्मी और उमस से जूझ रहे निवासियों को राहत मिली है। आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के दौरान चली तेज हवाओं के कारण भिवानी-बहल मुख्य मार्ग पर गांव शिमली मोड़ के पास एक पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों का यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों तक क्षेत्र में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम व कृषि वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मानसून की गतिविधियों में 11 जुलाई के बाद कमी आने की संभावना है। हरियाणा राज्य में 15 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने और बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के उत्तरी जिलों में हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है जबकि दक्षिणी व पश्चिमी जिलों में कुछ स्थानों पर छिटपुट या हल्की बारिश की संभावना है। हवाओं में बदलाव से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और वातावरण में नमी में कमी आ सकती है।
बिजली निगम शहर में शहरी फीडरों पर बारिश के दौरान फाल्ट से बचाव के लिए तारों के बीच आने वाली टहनियों को हटाने का काम कर रहा है। इसके चलते शहरी फीडरों पर बिजली कट भी लगाए जा रहे हैं। लोगों को उमस भरी गर्मी में इन बिजली कटों का सामना करना पड़ रहा है।