भिवानी: सेक्टर-23 और सिटी स्टेशन रोड की बदलेगी सूरत; ₹5 करोड़ के टेंडर जारी

भिवानी सेक्टर-23 और सिटी स्टेशन रोड की जर्जर सड़कों के लिए ₹5 करोड़ के टेंडर जारी। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देश पर शुरू होगा काम। जानें किन सड़कों का होगा नवनिर्माण।

भिवानी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर-23 के निवासियों को शीघ्र ही जर्जर सड़कों से निजात मिलने वाली है। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार नगर परिषद द्वारा सेक्टर-23 की सभी शेष जर्जर सड़कों के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। इन सड़कों के नवनिर्माण पर करीब ढाई करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।

 

सेक्टर-23 की सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा कई बार जिला प्रशासन से सुधार की मांग की जा चुकी है। हालांकि नगर परिषद द्वारा सेक्टर के बीच की एक सड़क का निर्माण कराया जा चुका है लेकिन कई अन्य सड़कें अब भी जर्जर हालत में हैं। मामूली बारिश में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है जिससे राहगीरों और निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

तिगड़ाना रेलवे फाटक तक और सेक्टर की सीमा तक गुजरानी रोड का भी होगा नवनिर्माण
जिला नगर आयुक्त हरबीर सिंह ने बताया कि सेक्टर-23 की सड़कों के साथ-साथ सिटी रेलवे स्टेशन रोड पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक से तिगड़ाना रेलवे फाटक तक सड़क का भी नवनिर्माण करवाया जाएगा। इस रोड पर बॉक्सिंग क्लब तक तारकोल की सड़क बनेगी बीच में डिवाइडर और स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। बॉक्सिंग क्लब से आगे रेलवे फाटक तक सीसी रोड का निर्माण होगा। इस रोड के निर्माण पर भी करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसी प्रकार नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की सीमा तक गुजरानी रोड का भी नवनिर्माण किया जाएगा। इन सभी कार्यों के टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दोनों सड़कों की स्थिति भी लंबे समय से दयनीय बनी हुई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.