मदीना मस्जिद के पास यमुना में बड़ा हादसा, अंधेरे के कारण रोका गया रेस्क्यू ऑपरेशन
दिल्ली के गांधी नगर इलाके में यमुना नदी में 4 लोग डूब गए। 1 शव बरामद हुआ है और 3 की तलाश जारी है। वहीं, मुनक नहर की मरम्मत के बाद पानी की सप्लाई शुरू हुई है।
दिल्ली के गांधी नगर इलाके में मदीना मस्जिद के पास सोमवार को यमुना नदी में 4 लोगों के डूबने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा ने दो गाड़ियां मौके पर भेजीं और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। एक व्यक्ति की लाश बरामद की गई है। तीन अन्य लोग लापता बताए जाते हैं। बाद में रात का अंधेरा अधिक होने के कारण तलाशी अभियान को फिलहाल रोक दिया गया है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जीरो पुस्ता मार्ग पर मदीना मस्जिद के पास हुई। उनको शाम 7 बजकर 20 मिनट पर घटना की सूचना मिली। घटना की सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। सूचना मिलते ही हमने दो वाहन मौके पर भेजे और तलाश अभियान शुरू किया।
अंधेरे के कारण रोकना पड़ा अभियान
अब तक एक व्यक्ति की लाश बरामद की गई है। घटना में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान सोनू के रूप में की गई है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। डूबने वाले अन्य लोगों की पहचान तीन युवक सचिन, हेमंत और राजन के रूप में हुई हैं। उन तीनों की तलाश जारी है। अंधेरा होने के कारण रात के लिए तलाशी अभियान रोक दिया गया है। राहत और बचाव का काम मंगलवार को फिर से शुरू किया जाएगा।
हाल ही में बह गए थे चार लड़के
इसी महीने कुछ दिन पहले यमुना में नहाते वक्त तेज धारा में बहने से चार लापता हो गए थे। बाद में दो नाबालिग लड़कों की लाशें बरामद हुई थीं। यह हादसा दिल्ली के अलीपुर इलाके में हुआ था। बच्चों की तलाश के लिए NDRF, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और दिल्ली पुलिस की टीमें लगी रहीं। चारों लड़के 12 जुलाई को नदी में नहाने गए थे।
मुनक नहर की मरम्मत से दुरुस्त हुई वॉटर सप्लाई
इस बीच मुनक नहर मरम्मत होने के बाद दिल्ली जल बोर्ड के जल शोधन संयंत्रों से पानी आपूर्ति शुरू हो गई है। जल बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि संयंत्रों से क्षमता के अनुरूप पानी आपूर्ति शुरू कर दी गई है। हालांकि, द्वारका, रोहिणी और पश्चिमी दिल्ली के इलाके में अभी पानी किल्लत पूरी तरह दूर नहीं हुई है। जल बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार बवाना हनुमान मंदिर के पास मुुनक नगर (सीएलसी) में दरार आ गई थी। इस वजह से नहर से पानी रिसाव हो रहा था। इस वजह से उसे मरम्मत करने के लिए हरियाणा के सिंचाई विभाग ने मुनक नगर में पानी आपूर्ति बंद की थी और उसी दी नहर में आए दरार को ठीक कर दिया गया था। इसके बाद उसे कुछ समय सेट करने के लिए छोड़ा गया था।