महिला पुलिसकर्मियों से मिलने खुद थाने पहुंचे एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई, विभागीय जांच के आदेश
बिजनौर के बढ़ापुर थाना प्रभारी नीरज कुमार तोमर को सरकारी व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील वीडियो भेजने के आरोप में एसपी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के बढ़ापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार तोमर पर थाने के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में 1 मिनट 13 सेकंड का अश्लील वीडियो शेयर करने का गंभीर आरोप लगा है। इस ग्रुप में थाने के तमाम पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जुड़े हुए थे। वीडियो पोस्ट होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। हालांकि, कुछ देर बाद वीडियो को ‘डिलीट फॉर एवरीवन’ कर दिया गया, लेकिन तब तक कई लोग इसे देख और डाउनलोड कर चुके थे। मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
👮♀️ थाने पहुंचकर एसपी ने महिला पुलिसकर्मियों से की बात: दिए विभागीय जांच के आदेश, अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई
घटना के बाद बिजनौर के एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई खुद बढ़ापुर थाने पहुंचे। उन्होंने वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत कर कार्यस्थल पर उनके अनुभव और सुरक्षा के माहौल के बारे में जानकारी ली। एसपी ने महिला पुलिसकर्मियों को आश्वस्त किया कि विभाग में किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी (CO) की शुरुआती जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुशासनहीनता और विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप में इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।