मानसून की सुस्ती से हरियाणा में बढ़ी गर्मी और उमस, हिसार रहा सबसे गर्म जिला
मानसून की सुस्ती के चलते हरियाणा में फिर बढ़ी गर्मी और उमस। हिसार का तापमान 38.5°C दर्ज। 11 सितंबर से बारिश के आसार।
चंडीगढ़: मानसून की सुस्ती और लगातार चल रही पश्चिमी शुष्क हवाओं ने हरियाणा में एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ा दी है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 1.0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
सामान्य से 2.6 डिग्री ऊपर पहुंचा दिन का पारा: मौसम में आए इस बदलाव के कारण प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया है. तेज धूप और हवा में नमी के कारण लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है. कई जिलों में दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.
हिसार 38.5°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म: हिसार का अधिकतम तापमान बुधवार को 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. इसके अलावा नूंह में 37.5 डिग्री, रोहतक में 37.1 डिग्री, भिवानी और चरखी दादरी में 37 डिग्री तथा गुरुग्राम में 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
11 जिलों में 35 डिग्री से ऊपर पहुंचा तापमान: वहीं, प्रदेश के कुल 11 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. पश्चिमी शुष्क हवाओं और मानसूनी ब्रेक के कारण दिन की गर्मी लगातार बढ़ रही है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार तेज धूप के साथ उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है.
रातें भी हुईं गर्म, न्यूनतम तापमान में इजाफा: हरियाणा में सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. औसत न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने से रातों में भी उमस महसूस की जा रही है. दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी का मुख्य कारण मानसून की कमजोर गतिविधियां और पश्चिमी शुष्क हवाओं का प्रभाव है.
कई जिलों में सामान्य से ऊपर रहा रात का पारा: कुरुक्षेत्र में न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं भिवानी और अंबाला में 27.2 डिग्री, नूंह में 27.2 डिग्री तथा फरीदाबाद में 27.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. लगातार बढ़े तापमान के कारण लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है.
11 सितंबर से फिर सक्रिय होगा मानसून: मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर से हरियाणा में मानसूनी हवाएं फिर सक्रिय होने की संभावना है. विभाग का अनुमान है कि 11 और 12 सितंबर को उत्तरी और पूर्वी हरियाणा के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने और उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
इन जिलों में बारिश की संभावना: आईएमडी चंडीगढ़ ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल समेत कई जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है. मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ अगले कुछ दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है.