मायावती ने आकाश आनंद पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- मेरी बीमारी की अफवाह फैला रहे हैं
बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने लखनऊ में की प्रेस कॉन्फ्रेंस। आकाश आनंद पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- फैला रहे हैं बीमारी की अफवाह।
मैं बिल्कुल स्वस्थ हूं, आकाश आनंद मेरी बीमारी की अफवाह उड़ा रहे हैं… ये कहना है उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीएसपी सुप्रीमो मायावती का. पिछले कुछ दिनों से लगातार भतीजे आकाश के साथ उनकी तल्खी की खबरें सामने आ रही हैं. जिसके बाद उन्होंने आकाश को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया. इस बीच उनका बड़ा बयान सामने आया है.
राजधानी लखनऊ में रविवार (13 सितंबर) को मायावती ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक साथ राष्ट्रीय और प्रदेश के कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. उन्होंने दिल्ली में चल रहे BRICS सम्मेलन, लखनऊ के ईको गार्डन में पंचायत सहायकों के प्रदर्शन, BSP के संगठन विस्तार और पार्टी से निष्कासित आकाश आनंद को लेकर बड़ा बयान दिया.
आकाश आनंद पर मायावती ने लगाए गंभीर आरोप
मायावती ने पार्टी से हाल ही में निष्कासित किए गए आकाश आनंद को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि उनके निष्कासन के बाद उनकी तबीयत खराब होने की अफवाहें फैलाई जा रही हैं. उन्होंने दावा किया कि उनकी सुरक्षा में तैनात आलोक कुमार के पास आकाश आनंद का फोन आया था. मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद ने उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली और यह भी कहा कि यह बात नहीं बताई जाए कि उन्होंने उनकी तबीयत के बारे में पूछा है.
‘अभी भी अपने ससुर सिद्धार्थ के प्रभाव में हैं आकाश’
मायावती ने आरोप लगाया कि आकाश आनंद अभी भी अपने ससुर सिद्धार्थ के प्रभाव में हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि आकाश आनंद की नीयत सही हो, लेकिन वह अभी भी सिद्धार्थ के प्रभाव में काम कर रहे हैं. मायावती ने कहा कि उनकी बीमारी को लेकर जिस तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं, उससे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. उन्होंने मीडिया और देशभर के लोगों से अपील की कि वे ऐसी अफवाहों पर भरोसा न करें.
BSP के संगठन विस्तार को लेकर बड़ा फैसला
इसके साथ ही मायावती ने BSP के संगठन विस्तार को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए ऑल इंडिया बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक का उद्देश्य संगठन को युद्ध स्तर पर मजबूत करने के लिए काम करना है. उन्होंने बताया कि संगठनात्मक कामकाज को नए तरीके से व्यवस्थित किया गया है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को एक सेक्टर में रखा गया है, जबकि देश के दूसरे हिस्सों को दो अन्य सेक्टरों में बांटकर काम किया जा रहा है. सेक्टर प्रभारी का पद खत्म कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि पार्टी पूरे देश में अपना जनाधार बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है और उनके हालिया फैसलों से संगठन को फायदा हो रहा है.
‘अधूरे बहुजन समाज के काम को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा’
BSP सुप्रीमो ने कहा कि बहुजन समाज के जिस काम को अब तक अधूरा माना जा रहा था, उसे तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी और प्रभारी संगठन के काम की प्रगति रिपोर्ट ले रहे हैं. मायावती ने बताया कि BSP के राष्ट्रीय महासचिव आनंद दिल्ली में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर उनसे बात कर जानकारी देंगे. उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है.
पंचायत सहायकों के प्रदर्शन पर कही ये बात
वहीं लखनऊ के ईको गार्डन में पंचायत सहायकों के धरने को लेकर मायावती ने सरकार से उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पंचायत सहायकों की मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और उनका मानदेय बढ़ाया जाना चाहिए.
BRICS सम्मेलन को बताया उम्मीद जगाने वाला
BRICS सम्मेलन को लेकर मायावती ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में हो रहे सम्मेलन में सर्वसम्मति बनना किसी कूटनीति से कम नहीं है. उन्होंने कहा कि यह एक उम्मीद जगाने वाली बात है. उन्होंने कहा कि अगर BRICS करेंसी की दिशा में आगे बढ़ता है तो यह बड़ी बात होगी. मायावती ने फलस्तीन और पहलगाम के मुद्दे पर हुई चर्चा को भी सराहनीय बताया. उन्होंने कहा कि इस बैठक से आखिर क्या निकलकर सामने आएगा, यह आने वाला समय बताएगा. उन्होंने भारत और चीन के बीच सीमा विवाद खत्म होने की उम्मीद भी जताई.