मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला, लता गुप्ता को सौंपी दिल्ली महिला आयोग की जिम्मेदारी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लता गुप्ता को दिल्ली महिला आयोग (DCW) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही आयोग की 5 नए सदस्यों के नामों का भी ऐलान किया गया है।
दिल्ली सरकार ने महिला आयोग की अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लता गुप्ता को दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही महिला आयोग की 5 सदस्यों के नाम का भी ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता के साथ 5 और महिलाओं को महिला आयोग की सदस्य के रूप में नियुक्त किया है। सीएम रेखा गुप्ता द्वारा नियुक्त की गई महिलाओं में श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, सनरिका शर्मा और रेनू भल्ला का नाम शामिल है।
‘आयोग की कार्यक्षमता को मिलेगी गति’
दिल्ली महिला आयोग के गठन और सदस्यों के साथ अध्यक्ष के नाम का ऐलान करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के संरक्षण और सशक्तिकरण में दिल्ली महिला आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिला आयोग के 6 सदस्यों के नाम का ऐलान करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि इन नियुक्तियों से आयोग की कार्यक्षमता को नई गति मिलेगी और महिलाओं के न्याय संरक्षण और सहायता की पहुंच और आसान हो जाएगी।
स्वाति मालीवाल के बाद से खाली चल रहा था DCW अध्यक्ष का पद
साल 2024 में आम आदमी पार्टी की तत्कालीन महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने महिला आयोग अधयक्ष पद से इस्तीफा दे दिया और राज्यसभा की सदस्य बन गईं। तब आम आदमी पार्टी की सरकार थी और स्वाति मालिवाल ने बगावत कर राज्यसभा का रास्त चुन लिया। इसके बाद से यह पद खाली चल रहा था। स्वाति मालिवाल के बाद यह पहली बार है, जब महिला आयोग पर स्थायी अध्यक्ष को नियुक्त किया गया था। अब लता गुप्ता के नाम की घोषणा की गई है, जो दिल्ली ममहिला आयोग की अध्यक्ष बन गई हैं।
कौन संभाल रहा था आयोग
जनवरी 2024 में स्वाति मालिवाल के आयोग अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद आयोग के स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं की गई थी। अब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लता गुप्ता को अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। इससे पहले महिला आयोग का प्रशासनिक कामकाज महिला एंव बाल अधिकार मंत्रालय की सचिव रश्मि सिंह संभाल रही थीं।