मुजफ्फरनगर: नाम बदलकर हिंदू महिला से निकाह और धोखाधड़ी, 5 पर केस
मुजफ्फरनगर में राजीव बनकर हिंदू महिला को प्रेमजाल में फंसाने, लाखों हड़पने और धोखे से धर्मांतरण कराने का मामला। 5 लोगों पर FIR दर्ज।
ग्रेटर नोएडा की रहने वाली एक महिला को मुजफ्फरनगर में पहचान छिपाकर प्रेमजाल में फंसाने, लाखों रुपये हड़पने और धोखे से धर्मांतरण कराकर निकाह करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर मुजफ्फरनगर की भोपा थाना पुलिस ने आरोपी अशफाक उर्फ राजीव बालियान और उसके दो बेटों और बेटियों सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजीव बनकर धर्मांतरण और निकाह कराया
ग्रेटर नोएडा स्थित प्लूमेरिया मार्डन अपार्टमेंट निवासी राजबाला सिंह गुरुवार को हिन्दू संगठन के पदाधिकारियों के साथ मुजफ्फर नगर एसएसपी ऑफिस पहुंची। महिला ने एसएसपी संजय कुमार वर्मा से शिकायत करते हुए बताया कि वह पूर्व में भाजपा से जुड़ी रही है। वर्ष 2016 में भोपा थाना क्षेत्र के मोरना निवासी युवक से उसकी मुलाकात हुई थी, उसने अपना नाम राजीव बालियान बताया था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने पर उसने उससे शादी का प्रस्ताव रखा। आरोपी ने महिला को झांसा देते हुए कहा कि हिंदू धर्म में दो शादियां नहीं हो सकती हैं, इसलिए हम दोनों लोग इस्लाम अपनाकर शादी कर लेते हैं। उसके झांसे में आकर राजबाला ने वर्ष 2017 में कलियर शरीफ में पहुंचकर शादी कर ली। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसका नाम राजीव बालियान नहीं अशफाक है। राजबाला ने अशफाक पर धर्मांतरण कराकर नमाज पढ़ाने, मांस खिलाने और रोजा रखवाने का आरोप लगाया है।
प्रधानी चुनाव के पोस्टरों में लिखवाया असली नाम
पीड़िता का आरोप है कि मकान बनाने का झांसा देकर अशफाक ने उससे 30 लाख रुपये भी हड़प लिए। अशफाक ने प्रधानी के चुनाव में जब उसने चुनाव के पोस्टरों में अपना असली नाम लिखवाया, तब उसे सच्चाई का पता चला। महिला ने जब अपने लाखों रुपये वापस मांगे तो अशफाक ने देने से इनकार कर दिया।
नामजद 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
इस बीच, कर्ज होने के कारण पीड़िता को अपना नोएडा वाला फ्लैट तक बेचना पड़ा। इस मामले में भोपा पुलिस ने महिला की तहरीर पर अशफाक उर्फ राजीव बालियान, आयशा, खुशबू ,माजिद और फैजान पुत्र अशफाक सहित पांच लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
आरोपी ने राजबाला को नूरजहां बताया
राजबाला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 24 जनवरी 2017 को उसे रुड़की स्थित कलियर शरीफ ले गया, जहां उसका निकाह कराया गया। निकाह के दौरान आरोपी ने अपना नाम अशफाक और उसका नाम नूरजहां बताया। निकाह के बाद भी अशफाक उसे कभी स्थायी रूप से अपने घर नहीं ले गया। आरोपी उसे मोरना स्थित अपने घर लेकर गया था। वहां पहुंचकर उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है तथा उसकी पत्नी, दो बेटियां और तीन बेटे हैं। आरोप है कि अशफाक ने अपने बच्चों से उसका परिचय मम्मी के रूप में कराया, जबकि परिवार के किसी सदस्य ने इसका विरोध नहीं किया। राजबाला वर्ष 2002 में मुजफ्फरनगर में भारतीय जनता पार्टी में काफी सक्रिय रही हैं।
हिंदू महिलाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया
पीड़िता ने आरोप लगाया कि अशफाक हिंदू महिलाओं को गुमराह करता है। आरोपी के फेसबुक अकाउंट पर कई हिन्दू महात्माओं के साथ फोटो भी है। आरोपी ने अपने मोबाइल में वॉट्सऐप पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रोफाइल फोटो भी लगा रखी है।