मुरादनगर: युवक का अपहरण कर ट्यूबवेल पर बनाया बंधक; पुलिस ने छुड़ाया
मुरादनगर में सनसनीखेज वारदात! काम पर जा रहे युवक रनजीत सिंह को बाइक सवारों ने अगवा कर ट्यूबवेल पर पीटा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को बंधनमुक्त कराया।
मुरादनगर । एक युवक को बाइक पर अगवा कर ट्यूबवेल पर ले जाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके पर जाकर युवक को बंधनमुक्त कराया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। नगर की सक्को वाली कॉलोनी निवासी रनजीत सिंह बुधवार सुबह करीब दस बजे काम पर गांव शोभापुर जा रहे थे। आरोप है कि बाइक सवार कई युवक आए और जबरन बैठाकर अपने साथ ले गए। वह रनजीत सिंह को गांव बसंतपुर सैतली स्थित एक ट्यूबवेल पर ले गए और कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि युवकों ने बेरहमी से पिटाई की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को बंधक मुक्त कराया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। एसीपी ने बताया कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।