मुरादाबाद: बुर्कानशीं महिला से सरेराह छेड़छाड़ करने वाला नौशाद मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

मुरादाबाद के मुगलपुरा में महिला से अश्लील हरकत करने वाले आरोपी नौशाद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की। रामगंगा नदी के पास हुई फायरिंग में आरोपी घायल।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के मुगलपुरा थाना इलाके के बरवलान चौकी क्षेत्र में एक बुर्कानशीं महिला के साथ सरेराह अश्लील हरकत और बदतमीजी करने वाले मुख्य आरोपी नौशाद को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल, यह मामला तब प्रकाश में आया जब सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हुआ, जिसमें आरोपी की शर्मनाक करतूत साफ तौर पर दिखाई दे रही थी.

वीडियो वायरल होने और छेड़छाड़ की इस घटना ने शहर में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे, जिसके बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया.मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने आरोपी की पहचान के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया. पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी नौशाद का पता लगाया, जो नगर के ही कटघर इलाके का निवासी है.

पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ बरवलान इलाके में रामगंगा नदी के पास हुई, जहां आरोपी ने पकड़े जाने के डर से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं.

दिनदहाड़े छेड़छाड़ की घटना

मुगलपुरा थाना क्षेत्र के बरवलान इलाके में महिला के साथ हुई अभद्रता का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामले की पड़ताल शुरू की. सीसीटीवी में कैद हुई आरोपी की हरकत के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान पीरजादा मकबरा, थाना कटघर निवासी नौशाद के रूप में की. एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर पुलिस टीमों ने तुरंत जांच तेज कर दी.

महिला की पहचान करना भी एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पीड़ित महिला को खोज निकाला और उनसे संपर्क साधा. महिला की तहरीर और पहचान के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया और उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया.

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रामगंगा नदी के किनारे पुल के पास छिपा हुआ है और जिले से बाहर भागने की फिराक में है. पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा.

पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है. आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.