मॉडल टाउन इलाके में दिनदहाड़े फाइनेंसर हरभजन सिंह की गोली मारकर हत्या, सनसनी
यमुनानगर के मॉडल टाउन में दिनदहाड़े फाइनेंसर हरभजन सिंह की गोली मारकर हत्या। एसपी आवास के पास हुई वारदात से फैली सनसनी।
यमुनानगर: यमुनानगर के मॉडल टाउन इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई. रिलायंस मॉल के पास MLN कॉलेज की बैक साइड बाइक सवार दो बदमाशों ने फाइनेंसर हरभजन सिंह पर गोलियां चला दीं. सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
बाइक पर आए दो हमलावर: प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दो बदमाश बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे. उन्होंने हरभजन सिंह को निशाना बनाकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. हमलावरों ने लगातार गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से यमुनानगर की तरफ फरार हो गए. गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
प्रेम नगर के रहने वाले थे हरभजन: पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हरभजन सिंह यमुनानगर के प्रेम नगर के रहने वाले थे और फाइनेंस का काम करते थे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनकी हत्या के पीछे क्या वजह रही. शुरुआती तौर पर हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. हैरत वाली बात यह है कि फायरिंग की घटना SP आवास से कुछ ही दूरी पर हुई. दिनदहाड़े हुई हत्या ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है.
मौके पर पहुंचीं पुलिस की कई टीमें: इधर, सूचना मिलते ही SP समेत पुलिस की कई टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. पुलिस ने मौके की जांच शुरू कर दी और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई. घटनास्थल से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है.
CCTV से हमलावरों की तलाश: पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. जांच टीम हमलावरों की पहचान के साथ उनके आने और वारदात के बाद फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है. बदमाशों की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी भी की गई है. पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.