मॉडिफाइड थार से स्टंटबाजी करना युवक को पड़ा भारी, पुलिस ने काटा 22,500 का चालान और गाड़ी की जब्त

पंचकूला के सेक्टर-5 दशहरा ग्राउंड में मॉडिफाइड थार से स्टंटबाजी करने वाले चालक पर पुलिस का शिकंजा। 22,500 रुपये का चालान काटकर वाहन किया गया जब्त।

पंचकूला। सोशल मीडिया पर लाइक्स और लोकप्रियता हासिल करने का क्रेज युवाओं पर किस कदर भारी पड़ रहा है, इसकी बानगी पंचकूला में देखने को मिली है। सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में मॉडिफाइड थार गाड़ी से खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले एक युवक के खिलाफ पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर थार चालक का 22,500 रुपये का भारी-भरकम चालान काटा और वाहन को इंपाउंड कर थाने में खड़ा करवा दिया। कार्रवाई के बाद आरोपी चालक ने अपनी गलती मानते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और अन्य युवाओं को भी ऐसी खतरनाक हरकतें न करने की सलाह दी।

👮‍♂️ पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की युवाओं को नसीहत: रील नहीं, अपनी मेहनत और रियल लाइफ के लक्ष्य बनाएं युवा

इस पूरी कार्रवाई पर संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने युवाओं को एक कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ पलों की शोहरत या लाइक्स के लिए अपनी और दूसरों की जान को जोखिम में डालना बिल्कुल समझदारी नहीं है। युवाओं को सस्ती लोकप्रियता के पीछे भागने के बजाय अपनी पढ़ाई, खेल, कला और रचनात्मक क्षेत्रों में मेहनत कर पहचान बनानी चाहिए। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि सड़क सुरक्षा और कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.