यमुनानगर: कांग्रेस से निष्कासित विधायक रेणु बाला ने की CM सैनी की तारीफ

यमुनानगर में मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यक्रम में पहुंची साढ़ौरा विधायक रेणु बाला। सीएम की तारीफ के बाद बीजेपी में शामिल होने की चर्चाएं तेज। जानें विधायक ने क्या कहा।

यमुनानगर : कांग्रेस से निष्कासित विधायकों की सरकारी कार्यक्रम में मौजूदगी ने हरियाणा की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। यमुनानगर में आयोजित मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान साढ़ौरा से विधायक रेणु बाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की खुलकर तारीफ की, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यमुनानगर पहुंचे थे, जहां उन्होंने करीब 9 बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा साढ़ौरा विधायक रेणु बाला की मौजूदगी और उनके बयान की रही। रेणु बाला ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है और इसका लाभ प्रदेश की महिलाओं को मिल रहा है। हालांकि जब मीडिया ने उनसे बीजेपी में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि अभी ऐसा कोई विचार नहीं है। वहीं बीजेपी में एंट्री को लेकर लगातार उठ रहे सवालों पर उन्होंने गोलमोल जवाब दिया।

रेणु बाला ने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा साढ़ौरा क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है और आगे भी करती रहेंगी। उनके मुताबिक साढ़ौरा की जनता के लिए काम करना उनकी पहली प्राथमिकता है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो कांग्रेस से निष्कासित पांच विधायकों को बीजेपी अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है। यही वजह है कि इन नेताओं की सरकारी और बीजेपी कार्यक्रमों में मौजूदगी लगातार चर्चाओं में बनी हुई है।हालांकि जब रेणु बाला से इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम पर अंतिम सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए सिर्फ इतना कहा नो कमेंट्स।

Leave A Reply

Your email address will not be published.