यमुना नदी के तेज बहाव में डूबे 15 और 17 साल के भाई, NDRF की टीम तलाश में जुटी
सोनीपत के सनपेड़ा गांव में यमुना नदी के बेगा घाट पर नहाते समय दो सगे भाई तेज बहाव में बह गए। एनडीआरएफ की टीम उनकी तलाश कर रही है।
सोनीपत: सोनीपत के सनपेड़ा गांव में शनिवार सुबह यमुना नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों के तेज बहाव में बह जाने से हड़कंप मच गया. दोनों भाई बेगा घाट पर नहाने के लिए पहुंचे थे. हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इसके बाद प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई.
15 और 17 साल के हैं दोनों भाई: स्थानीय लोगों की मानें तो सनपेड़ा गांव निवासी 15 वर्षीय सत्यम और 17 वर्षीय शिवम शनिवार सुबह अपने एक साथी के साथ यमुना के बेगा घाट पर नहाने गए थे. नहाते समय दोनों भाई नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए. देखते ही देखते दोनों पानी में बह गए और लापता हो गए. दोनों भाइयों के साथ गांव का किशोर प्रिंस भी मौजूद था. नदी में तेज बहाव होने के कारण स्थिति अचानक बिगड़ गई. प्रिंस किसी तरह पानी से बाहर निकलने में कामयाब रहा. इसके बाद उसने हादसे की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को दी.
सूचना मिलते ही शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन: इधर, हादसे की जानकारी मिलने के बाद गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने यमुना में दोनों भाइयों की तलाश शुरू कर दी. तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में मुश्किलें आ रही हैं. गोताखोर नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाश कर रहे हैं.
NDRF टीम भी तलाश में जुटी: इस पूरे मामले में थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि, “पुलिस को दो बच्चों के यमुना में डूबने की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है. NDRF की टीम भी दोनों बच्चों की तलाश कर रही है.”
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल: वहीं, सत्यम और शिवम के लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजन नदी किनारे उनके मिलने की उम्मीद में इंतजार कर रहे हैं. गांव में भी मातम का माहौल है. घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण भी राहत एवं बचाव टीम के साथ दोनों भाइयों की तलाश में जुटे हुए हैं.
बता दें कि यमुना में इन दिनों पानी का बहाव तेज बताया जा रहा है. ऐसे में नदी में उतरना बेहद जोखिम भरा हो सकता है. हादसे के बाद ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है. फिलहाल दोनों भाइयों का कोई सुराग नहीं मिला है और सर्च ऑपरेशन जारी है.