राज्यसभा का टिकट न मिलने पर बीजेपी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने पार्टी से दिया इस्तीफा
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा का टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। पूर्व मंत्री कौशल किशोर के परिवार में भी नाराजगी है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में राज्यसभा चुनाव के टिकट बंटवारे को लेकर घमासान मच गया है। आंवला सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा के लिए टिकट न मिलने के बाद से ही वह पार्टी नेतृत्व से खासे नाराज चल रहे थे और उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘टाटा-बाय-बाय’ लिखकर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर कर दी थी। कुछ महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व सांसद का इस्तीफा पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
📝 फेसबुक पर इस्तीफे का ऐलान, लगाए गंभीर आरोप
सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए धर्मेंद्र कश्यप ने पार्टी पर भीतरघात करने वालों और लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी को कमजोर करने वाले नेताओं को आगे बढ़ाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी में पिछड़े और अति पिछड़े समाज को उचित स्थान और सम्मान नहीं मिल रहा है, जिससे आहत होकर वह बीजेपी की प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। बता दें कि धर्मेंद्र कश्यप आंवला संसदीय सीट से लगातार दो बार (2014 और 2019 में) सांसद रह चुके हैं।
📉 कौशल किशोर के परिवार में भी सुलग रही नाराजगी की आग
धर्मेंद्र कश्यप के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री और मोहनलालगंज के पूर्व सांसद कौशल किशोर के परिवार में भी टिकट बंटवारे को लेकर असंतोष देखने को मिला है। उनके बेटे और बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास किशोर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की है। इस तरह एक के बाद एक नेताओं की नाराजगी सामने आने से आगामी चुनावों से पहले सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है।