Greater Noida News: बीटा-2 थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में युवक की मौत हो गई है। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगाया।
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्थ परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई है। बिरोड़ा गांव का रहने वाला 20 वर्षीय बंटी उर्फ राजीव ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पास स्थित एक पार्क में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला था। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए कैलाश अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों पर बेरहमी से पीटकर हत्या करने और शव को पार्क में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है।
🛣️ पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप, परिजनों ने लगाया सड़क पर जाम
परिजनों का कहना है कि रात के वक्त कुछ लोग बंटी को घर से बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद उन्हें सूचना मिली कि उसका एक्सीडेंट हो गया है। हालांकि, परिजनों का साफ कहना है कि यह कोई सड़क हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। शुरुआत में पुलिस द्वारा शिकायत न दर्ज किए जाने से नाराज परिजनों ने कैलाश अस्पताल के बाहर सूरजपुर-परी चौक मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और लोगों को समझा-बुझाकर यातायात सुचारू कराया।
⚖️ मुकदमा दर्ज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस ने परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गहनता से जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है।