राहुल गांधी के भरोसेमंद रणदीप सुरजेवाला बने गुजरात कांग्रेस के प्रभारी, कर्नाटक की जिम्मेदारी भी बरकरार

कांग्रेस ने संगठन में किया फेरबदल। हरियाणा के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को बनाया गया गुजरात कांग्रेस का प्रभारी।

चंडीगढ़ : कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है. पार्टी ने 6 राज्यों के प्रभारी बदले हैं. तत्काल प्रभाव से कई नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. ऐसे में हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला पर राहुल गांधी ने पूरा भरोसा जताते हुए उन्हें गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी है.

रणदीप सिंह सुरजेवाला बने गुजरात कांग्रेस के प्रभारी : कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक राज्यसभा सांसद और हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है. साथ ही रणदीप सिंह सुरजेवाला को कर्नाटक कांग्रेस के महासचिव प्रभारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.

कर्नाटक चुनाव में अहम भूमिका निभाई थी : आपको बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस की जीत और सरकार के गठन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्य प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रणनीतिक तौर पर मुख्य भूमिका निभाई थी. उन्होंने चुनाव से महीनों पहले कर्नाटक में कैंप किया और जमीनी स्तर पर पार्टी की रणनीति तैयार की. उन्होंने 200 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया और चुनाव प्रचार की पूरी रूपरेखा पर कड़ी नज़र रखी. पार्टी के चुनावी अभियान और ‘पांच गारंटियों’ जैसे मुद्दों को जनता तक पहुंचाने में उनका विशेष योगदान रहा. चुनाव परिणामों के बाद पार्टी के भीतर नेतृत्व और सरकार गठन से जुड़े निर्णयों में केंद्रीय नेतृत्व के साथ समन्वय स्थापित किया.

कौन हैं रणदीप सिंह सुरजेवाला ? : रणदीप सिंह सुरजेवाला भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के एक वरिष्ठ राजनेता और वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं. वे कांग्रेस आलाकमान के बेहद भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं और वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (General Secretary) के रूप में कार्यरत हैं. उनका जन्म 3 जून 1967 को चंडीगढ़ में हुआ था और उनके पिता शमशेर सिंह सुरजेवाला भी कांग्रेस के एक दिग्गज नेता और हरियाणा के पूर्व मंत्री थे. उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से कानून (LL.B.) की पढ़ाई पूरी की है. साल 2005 में भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में मात्र 37 वर्ष की उम्र में उन्हें परिवहन और संसदीय कार्य मंत्री बनाया गया, जिससे वह हरियाणा के सबसे कम उम्र के कैबिनेट मंत्री बने थे. वे हरियाणा के कैथल विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और हुड्डा सरकार (2009-2014) में जल आपूर्ति, लोक निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का कार्यभार संभाल चुके हैं. वह लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.