रेलवे ट्रैक पर मोबाइल व इयरफोन का इस्तेमाल बना जानलेवा, पुलिस ने बीके अस्पताल में रखवाए शव

फरीदाबाद में बाटा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर इयरफोन लगाकर वीडियो देख रहे दो युवकों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।

फरीदाबाद: बाटा रेलवे स्टेशन के पास कृष्णा कॉलोनी की झुग्गी बस्ती के समीप शनिवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय सौरभ और 10वीं कक्षा के छात्र जितेश के रूप में हुई है। दोनों दोस्त थे और कृष्णा कॉलोनी में रहते थे। सौरभ स्थानीय जिम में सफाई का काम करता था, जबकि जितेश सरकारी स्कूल में पढ़ता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों रेलवे ट्रैक के पास टहलते हुए मोबाइल पर वीडियो देख रहे थे और कान में इयरफोन लगाए हुए थे। इसी दौरान ट्रेन आती देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाकर उन्हें हटने के लिए कहा। लोको पायलट ने भी हॉर्न बजाया, लेकिन इयरफोन लगाए होने के कारण दोनों को आवाज सुनाई नहीं दी। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.