रेवाड़ी: ज्वेलरी शोरूम में ₹9 लाख के सोने की चोरी, ताबीज खरीदने आए थे बदमाश

रेवाड़ी के 'जैनी ज्वेलर्स' में चोरी! ग्राहक बनकर आए दो युवकों ने ₹9 लाख के सोने के गहनों पर हाथ साफ किया। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी शहर में एक ज्वेलरी शोरूम में बदमाशों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। ग्राहक बनकर आए दो युवक कुछ ही मिनटों में दुकान से लाखों रुपये के सोने के आभूषण ले फरार हो गए।

ताबीज खरीदने आए बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार  रेवाड़ी शहर के भैरू चौक स्थित ‘जैनी ज्वेलर्स’ की है।  दुकान पर शनिवार दोपहर बाइक सवार दो युवक पहुंचे। उन्होंने पहले 450 रुपये का एक ताबीज खरीदा और फिर कान के झुमके दिखाने के बहाने दुकानदार का ध्यान भटका दिया। इसी दौरान आरोपियों ने बॉक्स में रखे करीब 60 ग्राम सोने के गहने चुरा लिए और पसंद न आने का बहाना बनाकर निकल गए। गहनों की कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना का खुलासा अगले दिन रविवार शाम हुआ

घटना का खुलासा अगले दिन रविवार शाम को हुआ, जब एक अन्य ग्राहक को गहने दिखाने के लिए बॉक्स खोला गया। बॉक्स खाली देखकर दुकान संचालक को शक हुआ, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। दुकान संचालक सौरभजीत ने बताया कि घटना के समय उनके पिता विजय जैन दुकान पर मौजूद थे। फुटेज में साफ नजर आया कि दोनों युवक किस तरह चालाकी से गहने लेकर फरार हो गए। वही चोरी की घटना का पता लगने पर पुलिस थाने  में  मामला दर्ज कराया गया।

मामले की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.