रेवाड़ी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बावल रोड स्थित गांव भवाड़ी से 4 हजार लीटर अवैध तेल बरामद

रेवाड़ी पुलिस ने बावल रोड के भवाड़ी गांव में छापेमारी कर 4 हजार लीटर अवैध तेल किया बरामद। एक आरोपी हिरासत में।

रेवाड़ी : जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेवाड़ी पुलिस ने तेल के अवैध भंडारण और बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।  एसपी हेमेन्द्र मीणा के निर्देश पर सीआईए रेवाड़ी की टीम ने बावल रोड स्थित भवाड़ी गांव में एक स्थान पर छापेमारी कर करीब 4 हजार लीटर तेल बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बावल रोड पर कई बड़ी तेल कंपनियों के डिपो हैं।

इनमें आईओसी और बीपीसीएल समेत अन्य कंपनियों के छह से अधिक तेल डिपो शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि इन डिपो से निकलने वाले तेल टैंकरों से तेल चोरी कर अवैध रूप से आगे सप्लाई किए जाने का खेल चल रहा है। बरामद तेल को लेकर भी पुलिस इसी दिशा में जांच कर रही है। सीआईए की इस कार्रवाई के बाद तेल के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब बरामद तेल के स्रोत, उसके भंडारण और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है। आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों पर भी कार्रवाई होने की संभावना है।

एसपी हेमेन्द्र मीणा ने कहा कि जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तेल चोरी और अवैध कारोबार के नेटवर्क को जिले से पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को इस तरह की गतिविधियों की जानकारी है तो वह पुलिस को शिकायत दे सकता है। सूचना मिलने पर पुलिस नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.