रेवाड़ी हादसा: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कैंटर ने भाई-बहन को कुचला, 15 साल की मनीषा की मौत
रेवाड़ी के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा। गांव संगवाड़ी के पास बेकाबू कैंटर ने सड़क किनारे खड़े भाई-बहन को रौंदा। 15 वर्षीय किशोरी की मौत, भाई गंभीर रूप से घायल।
रेवाड़ी: रेवाड़ी के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव संगवाड़ी के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ जब दोनों भाई-बहन हाईवे की सर्विस रोड के किनारे खड़े होकर अपने मामा का इंतजार कर रहे थे. तेज रफ्तार कैंटर ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी.
सड़क किनारे खड़े थे दोनों: प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गांव संगवाड़ी निवासी मनीषा और उसका भाई समयपाल अपने मामा के साथ मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहे थे. रास्ते में उनकी बाइक खराब हो गई. इसके बाद मामा बाइक को ठीक कराने के लिए पास में स्थित मैकेनिक की दुकान पर चले गए. इसी दौरान दोनों भाई-बहन सड़क किनारे खड़े होकर उनका इंतजार कर रहे थे.
तेज रफ्तार कैंटर ने मारी टक्कर: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसी समय तेज गति से आ रहा एक कैंटर अनियंत्रित हो गया और दोनों भाई-बहन को टक्कर मारते हुए कुचल दिया. हादसा इतना भीषण था कि दोनों कई फीट दूर जा गिरे. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को संभाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी.
बहन की मौत, भाई की हालत गंभीर: घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने 15 वर्षीय मनीषा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके भाई समयपाल का इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार: इस पूरे मामले में जांच अधिकारी हवा सिंह ने कहा कि, “एक कैंटर चालक अचानक यू-टर्न लेने लगा और सड़क किनारे बाइक के पास खड़े भाई-बहन के ऊपर कैंटर चढ़ा दिया. हादसे में बहन की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया. आरोपी चालक कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो गया. आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है.”