रोहतक में लिव-इन में रह रहे युवक की संदिग्ध हालत में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रोहतक के प्रवेश नगर में लिव-इन में रह रहे 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।

रोहतक: रोहतक के प्रवेश नगर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान टिटौली गांव निवासी धीरज के रूप में हुई है. धीरज परिवार से अलग एक युवती के साथ रह रहा था. वह म्यूजिक शॉप चलाता था. युवक की मौत की सूचना युवती ने पुलिस को फोन कर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिस ने परिजनों को दी सूचना: पुलिस ने घटना की जानकारी धीरज के परिजनों को दी. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए. परिवार की ओर से मामले में शिकायत दर्ज करवाई गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

परिजनों ने हत्या का जताया शक: धीरज के परिजनों ने उसकी मौत को सामान्य नहीं माना है. परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक की हत्या की गई है. परिवार ने यह भी आशंका जताई कि धीरज की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच या पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से नहीं हुई है.

एक साल पहले घर से निकला था: मृतक के परिजन ने बताया कि, “धीरज करीब एक साल पहले घर से लगभग 1 लाख 75 हजार रुपये लेकर निकला था. इसके बाद वह परिवार से अलग रहने लगा था. धीरज की शादी नहीं हुई थी और वह प्रवेश नगर में युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. धीरज के नाम करीब तीन एकड़ जमीन थी, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये है. हम पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं.”

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार: इधर, पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है. पोस्टमॉर्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस अधिकारी अमित कुमार ने कहा है कि, “मौत के कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.