लगातार बारिश से उफान पर घग्गर नदी, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट और दी चेतावनी

लगातार बारिश के बाद पंचकूला में घग्गर नदी उफान पर। प्रशासन ने लोगों से बरसाती नदियों और नालों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

पंचकूला : पंचकूला में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ गया है। लगातार बारिश के कारण पंचकूला से होकर बहने वाली घग्गर नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है और नदी उफान पर है। नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि पंचकूला में अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए घग्गर नदी सहित अन्य बरसाती नदियों और नालों से दूरी बनाए रखें।

प्रशासन ने लोगों को विशेष रूप से नदी या बरसाती नालों में उतरने, नहाने और इनके किनारे जाने से बचने की सलाह दी है। काबिलेजिक्र है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के साथ-साथ पंचकूला में हो रही बारिश के कारण घग्गर नदी और अन्य बरसाती नदियों एवं नालों में अचानक जलस्तर बढ़ सकता है।

पहाड़ों से आने वाले पानी के कारण किसी भी समय अचानक जल सैलाब की स्थिति पैदा हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के आसपास सेल्फी लेने, घूमने या नहाने के लिए न जाएं। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। इससे पहले भी बारिश के दौरान घग्गर नदी और अन्य बरसाती नदियों में अचानक पानी बढ़ने से कई लोग फंस चुके हैं और हादसों का शिकार हो चुके हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतें और अपने साथ-साथ बच्चों को भी बरसाती नदियों व नालों से दूर रखें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.