लुटेरी दुल्हन का खेल: शादी के कुछ घंटे बाद ही गहने-पैसे लेकर फरार
बिहार के गया में शादी के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा। गाजियाबाद से आए दूल्हे को लुटेरी दुल्हन ने बनाया शिकार। शादी के चंद घंटों में गहने-नकदी लेकर फरार। पढ़ें पूरी खबर।
बिहार में एक लड़की से शादी रचाने का सपना लिए एक शख्स गाजियाबाद से गयाजी जिले में आया। लेकिन यहां आने के बाद यह पता चला कि वो लुटेरी दुल्हन के चक्कर में पड़ गया है। लुटेरी दुल्हन पैसे-गहने सब कुछ लेकर फरार हो गई। यहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांधी मोहल्ला में शादी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। गाजियाबाद से दुल्हन से शादी करने आए युवक के साथ कथित तौर पर ऐसा खेल हुआ कि सात फेरे लेने और मांग में सिंदूर भरने के कुछ घंटे बाद ही उसकी नई नवेली दुल्हन जेवर, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गई। पीड़ित रविंद्र कुमार की शिकायत पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एजेंट के माध्यम से तय हुई थी शादी
पीड़ित रविंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि अलीगढ़ के एक व्यक्ति के माध्यम से उसकी मुलाकात एजेंट शकील से हुई थी। शकील उसे गया लेकर आया, जहां युवती और उसके कथित परिजनों से मुलाकात कराई गई। इसके बाद शादी तय हुई। पीड़ित का आरोप है कि शादी से पहले दुल्हन ने खरीदारी और मेकअप के नाम पर उससे रुपये लिए।
ठगी करने वाले गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस को आशंका है कि मामला फर्जी पहचान के आधार पर शादी कर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़ा हो सकता है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पूछताछ से मिले सुरागों के आधार पर फरार दुल्हन, एजेंट शकील और अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
जेवर और नकदी लेकर फरार होने का आरोप
रविंद्र कुमार के अनुसार, शादी के दौरान दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की पायल और बिछिया दिए गए थे। शादी संपन्न होने के बाद एजेंट शकील ने पहचान पत्र की फोटोकॉपी कराने का बहाना बनाया और एक लाख रुपये नकद लेकर दुल्हन को बाइक पर बैठाकर चला गया। काफी देर बाद भी दोनों वापस नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू की गई। दोनों के मोबाइल बंद मिले। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विदाई से पहले शादी के वीडियो और मोबाइल से खींची गई तस्वीरें भी डिलीट करा दी गईं, ताकि कोई सबूत नहीं बच सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कथित बड़ी बहन और एक बिचौलिये को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।