वेस्ट बैंक: इजराइली सेना की गोलीबारी में 7 महीने के मासूम की मौत; IDF ने जताया दुख

वेस्ट बैंक के हेब्रोन में इजराइली सैनिकों की कार पर फायरिंग से 7 महीने के बच्चे की मौत। IDF ने शुरुआती जांच के बाद घटना पर जताया गहरा दुख।

इजराइल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक के हेब्रोन शहर के पास शुक्रवार को इजराइली सेना की गोलीबारी में 7 महीने के एक फिलिस्तीनी बच्चे की मौत हो गई. इस घटना में बच्चे के माता-पिता भी घायल हो गए. बाद में इजराइली सेना (IDF) ने इस पर दुख जताया और कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि पीड़ित किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि में शामिल नहीं थे.

फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बच्चे का नाम सैम फहद अबू हैकल था. मंत्रालय ने बताया कि हेब्रोन के दक्षिणी इलाके में इजराइली सैनिकों ने परिवार की कार पर गोली चला दी. गोलीबारी में बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता को मामूली चोटें आईं.

खतरा महसूस होने पर गोली चलाई

इजराइली सेना ने माना कि उसके सैनिकों ने कार पर फायरिंग की थी. सेना का कहना है कि उस समय सैनिकों को लगा था कि वाहन से खतरा हो सकता है, इसलिए गोली चलाई गई. हालांकि, बाद में की गई शुरुआती जांच में पता चला कि कार में सवार लोग आम नागरिक थे और किसी भी तरह की दुश्मनी गतिविधि में शामिल नहीं थे. सेना ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंपी जाएगी.

गाजा में 70 हजार से ज्यादा मौतें

IDF ने अपने बयान में कहा कि निर्दोष लोगों को नुकसान पहुंचने पर हमें गहरा दुख है. यह घटना ऐसे समय हुई है जब इजराइल और फिलिस्तीन के बीच हिंसा लगातार जारी है. 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद से वेस्ट बैंक और गाजा में हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं. फिलिस्तीनी अधिकारियों के अनुसार, अक्टूबर 2023 से अब तक वेस्ट बैंक में 1,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं.

वहीं, इजराइल का कहना है कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले में करीब 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बनाया गया था. गाजा की हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद से इजराइली सैन्य कार्रवाई में 70,600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.