व्यापारियों एवं सेक्टर-63ए की समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी मेधा रूपम की निर्णायक पहल

न्यूज़ डेस्क उत्तर प्रदेश। नोएडा। राजेश शर्मा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल, नोएडा द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही व्यापारियों एवं शहर की विभिन्न जनहित संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए माननीय जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर श्रीमती मेधा रूपम ने अपने पूर्व आश्वासन के अनुरूप व्यापारियों के साथ पृथक बैठक आयोजित कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की बैठक में डिप्टी कमिश्नर व्यापार कर श्री अजीत कुमार सिंह (प्रशासन) भी मौजूद रहे।

बैठक में व्यापारियों द्वारा वर्षों से लंबित अनेक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी महोदया ने सभी विषयों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनते हुए नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं कड़े निर्देश दिए कि व्यापारिक गतिविधियों एवं जनसुविधाओं से संबंधित लंबित समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित एवं व्यापारियों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के वरिष्ठ महामंत्री श्री मनोज भाटी ने जिलाधिकारी महोदया की इस सकारात्मक, संवेदनशील एवं परिणामोन्मुख कार्यशैली का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा लंबे समय से उठाए जा रहे महत्वपूर्ण मुद्दों, विशेषकर एनएच-9 से एफएनजी एक्सप्रेसवे तक फ्लाईओवर निर्माण तथा सेक्टर-63ए, नोएडा की विभिन्न आधारभूत एवं नागरिक समस्याओं पर जिलाधिकारी महोदया ने विशेष गंभीरता दिखाई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी महोदया ने नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक श्री प्रदीप साहू को सेक्टर-63ए से संबंधित सभी लंबित समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

व्यापार मंडल के युवा उपाध्यक्ष अंकित कौशिक ने कहा कि इसी प्रकार तत्परता से प्रशासन द्वारा कार्य किया जाए तो सशक्त प्रशासन – सुरक्षित एवं समृद्ध व्यापार होगा

इस अवसर पर ओम रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-63ए, नोएडा के अध्यक्ष ओमपाल शर्मा ने जिलाधिकारी महोदया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की यह सक्रिय एवं उत्तरदायी कार्यशैली निश्चित रूप से व्यापारियों तथा स्थानीय नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे नोएडा का व्यापारिक वातावरण और नागरिक सुविधाएँ दोनों सुदृढ़ होंगी।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के अध्यक्ष राम अवतार सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि जिलाधिकारी महोदया द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित होगा तथा व्यापारियों और आम नागरिकों को शीघ्र ही इसका सकारात्मक लाभ प्राप्त होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.