शर्मशार ग्रेटर नोएडा : 6 साल की मासूम की रेप के बाद हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया

बच्ची की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी को किया था गिरफ्तार; चाकू बरामदगी के दौरान पिस्टल से फायरिंग का पुलिस का दावा

न्यूज डेस्क। ग्रेटर नोएडा। राजेश/ विवेक। ग्रेटर नोएडा में 6 साल की मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के आरोपी बलराज उर्फ बल्ला की शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस का एक हेड कांस्टेबल रवि कुमार भी गोली लगने से घायल हुआ है। उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के टिड्डी पार्क इलाके में उस समय हुई, जब गिरफ्तार आरोपी को घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी के लिए ले जाया गया था।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को 6 वर्षीय बच्ची की हत्या की घटना सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज और अन्य स्रोतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी बलराज को गिरफ्तार किया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में इस्तेमाल चाकू को डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को चाकू बरामद करने के लिए बताए गए स्थान पर लेकर पहुंची।

चाकू बरामद कराने के बाद पिस्टल से फायरिंग का दावा

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल के मुताबिक, आरोपी ने झाड़ियों से चाकू निकालकर पुलिस को बरामद कराया। इसी दौरान उसने कथित तौर पर झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखी .32 बोर की पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गोलीबारी में थाना ईकोटेक-3 में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बलराज को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में आरोपी की मौत

पुलिस के मुताबिक, घायल हेड कांस्टेबल रवि कुमार और गंभीर रूप से घायल आरोपी बलराज को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आरोपी बलराज को मृत घोषित कर दिया। हेड कांस्टेबल रवि कुमार का उपचार जारी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, तीन खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

बच्ची की हत्या से इलाके में था आक्रोश

बताया गया है कि 28 अगस्त को 6 वर्षीय बच्ची की हत्या की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का भी आरोप लगाया गया था। CCTV फुटेज में कथित आरोपी को बच्ची को ले जाते और बाद में बोरे में शव ले जाते हुए देखा गया था।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.