शादी की खरीदारी करने लखनऊ जा रहे परिवार की कार से भिड़ी स्विफ्ट डिजायर, हादसे में 6 से अधिक घायल

उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुल्तानपुर के पास रॉन्ग साइड से आ रही कार की टक्कर से भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना में 2 लोगों की मौत और 6 घायल हो गए।

देश के सबसे सुरक्षित और आधुनिक कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 162.7 पर बढ़ौली गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) दोस्तपुर में भर्ती कराया गया, जहां से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दो घायलों को अंबेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

🛍️ शादी की खरीदारी करने लखनऊ जा रहा था परिवार: रॉन्ग साइड से आई स्विफ्ट डिजायर ने अर्टिगा कार को मारी टक्कर

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आजमगढ़ का एक परिवार अर्टिगा कार में सवार होकर आगामी शादी की खरीदारी करने के लिए लखनऊ जा रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी दोस्तपुर के पास पहुंची, अचानक सामने से रॉन्ग साइड पर आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह चकनाचूर हो गईं। इस हादसे में स्विफ्ट डिजायर सवार बिहार निवासी श्याम बिहारी सिंह (62) और अजय कुमार गुप्ता (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अर्टिगा कार में सवार रीता, उनकी बेटियां दीक्षा व दीपशिखा समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.