शेर ए पंजाब टी20 लीग में नमन धीर का बड़ा कारनामा, मात्र 37 गेंदों में ठोक डाला तूफानी शतक

शेर ए पंजाब टी20 लीग में नमन धीर ने 37 गेंदों में शतक जड़कर बनाया सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड। जानें पूरी खबर।

आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले नमन धीर ने शेर ए पंजाब टी20 लीग में कमाल कर दिखाया है. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अमृतसर के लिए खेलते हुए सिर्फ 37 गेंदों में शतक लगा दिया. नमन धीर ने मोहाली के खिलाफ तबाही मचाते हुए 37 में से 18 गेंदों पर छक्के-चौके लगाकर अपनी सेंचुरी पूरी की. नमन धीर ने इसके साथ ही शेर ए पंजाब टी20 लीग का सबसे तेज शतक ठोक दिया. इससे पहले ये रिकॉर्ड अनमोलप्रीत सिंह के नाम था, जिन्होंने 39 गेंदों में ये कमाल किया था लेकिन नमन अब उनसे आगे निकल गए हैं.

नमन धीर का कहर

अमृतसर की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. मोहाली के खिलाफ सहज धवन सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए लेकिन नमन धीर पहली गेंद से ही अलग मूड में नजर आ रहे थे. इस खिलाड़ी ने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया. नमन अर्धशतक लगाने के बाद और खतरनाक हो गए और उन्होंने 12वें ओवर में लवदीप के ओवर में 30 रन ठोक अपनी सेंचुरी पूरी कर ली. इस खिलाड़ी ने इस ओवर में 3 छक्के और 2 चौके लगाए.

सीजन का दूसरा शतक

नमन धीर का शेर ए पंजाब टी20 लीग में ये दूसरा शतक है. इससे पहले उन्होंने जालंधर वॉरियर्स के खिलाफ भी 56 गेंदों में 117 रनों की पारी खेली थी. लेकिन ये खिलाड़ी मोहाली के खिलाफ अलग ही लेवल पर बैटिंग करता नजर आया.

आईपीएल में भी नमन ने किया है अच्छा प्रदर्शन

नमन धीर आईपीएल में भी मुंबई इंडियंस के अहम खिलाड़ी हैं. दाएं हाथ का ये बल्लेबाज आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए 37 मैचों में 27.30 की औसत से 710 रन बना चुका है. इस खिलाड़ी को मुंबई की टीम अलग-अलग जगह पर बैटिंग कराती है. नमन धीर का 160 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट है जो कमाल है. ये खिलाड़ी आईपीएल में 3 अर्धशतक लगा चुका है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.