सफाई कर्मचारियों पर बर्बरता के खिलाफ रानियां में हंगामा, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
सिरसा के रानियां में पंजाब के बरनाला में महिला सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर सीएम भगवंत मान का पुतला फूंका और ज्ञापन सौंपा।
सिरसा : पंजाब के बरनाला में महिला सफाई कर्मचारियों और उनके बच्चों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा इकाई रानियां ने जोरदार रोष प्रदर्शन किया।
इस मौके पर कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाप रोष जताते हुए नगर पालिका कार्यालय के बाहर हंगामा किया। साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बाद में कर्मचारियों द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नगर पालिका सचिव विक्रमजीत को सौंपा गया।
इस दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बरनाला में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर सरकार के इशारे पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। यूनियन नेताओं का दावा है कि कार्रवाई में कई सफाई कर्मचारी घायल हुए और उनके सिर फोड़ दिए गए।
प्रदर्शनकारियों ने महिला सफाई कर्मचारियों के साथ भी कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए घटना की कड़ी निंदा की। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बरनाला मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।