सोनम वांगचुक का अनशन 17वें दिन में: केजरीवाल और उद्धव ठाकरे ने दिया समर्थन
सोनम वांगचुक का अनशन 17वें दिन जारी, स्वास्थ्य बिगड़ने पर अरविंद केजरीवाल और उद्धव ठाकरे ने जताई चिंता। 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च को मिला समर्थन।
सोनम वांगचुक का अनशन 17वें दिन में प्रवेश कर गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने मंगलवार को दावा किया कि सोनम वांगचुक ‘बहुत दर्द’ में हैं। उनकी मांसपेशियों की क्षति हुई है। हालांकि इसके बावजूद सोनम ने अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल तब तक समाप्त करने से इनकार कर दिया है जब तक सरकार बातचीत की पहल नहीं करती है। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, वांगचुक का वजन 8.5 किलोग्राम कम हो चुका है। उनका ब्लड प्रेशर 109/70 मिमी एचजी दर्ज किया गया है।
सरकार बातचीत क्यों नहीं करना चाहती?
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर लिखा- सोनम वांगचुक की मांसपेशियां लगातार कमजोर हो रही हैं। वह अत्यधिक पीड़ा में हैं। मैंने भी अन्य लोगों की तरह उनसे अनशन खत्म करने की गुजारिश की लेकिन उन्होंने शांत भाव से कहा- मुझसे अनशन खत्म करने के बजाए सरकार से पूछिए कि वह बातचीत क्यों नहीं करना चाहती है।
संसद कूंच के समर्थन में केजरीवाल
अभिजीत दीपके ने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने फोन कर सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की जानकारी ली है। केजरीवाल ने सोनम वांगचुक की स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। ऐसे समय में संवाद और लोकतंत्र के पक्ष में उठने वाली हर आवाज महत्वपूर्ण है। कॉजपा के आंदोलन और 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च को समर्थन देने के लिए मैं अरविंद सर का आभारी हूं।
संसद कूंच के लिए उद्धव भी आए साथ
एक अन्य पोस्ट में अभिजीत दीपके ने बताया कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी फोन पर बात की है। उन्होंने भी वांगचुक के तेजी से बिगड़ते स्वास्थ्य पर चिंता जताई। उद्धव ठाकरे ने वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि उनका स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च को भी अपना समर्थन दिया।
अपडेट जारी…