स्कूटी छोड़ने के नाम पर मांगी रिश्वत, एसीबी ने सेक्टर-9 पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल को दबोचा

करनाल की सेक्टर-9 पुलिस चौकी में ACB ने हेड कांस्टेबल संजीव को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। स्कूटी छोड़ने के एवज में मांगी गई थी रिश्वत।

करनाल: भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया. सेक्टर-9 पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल संजीव को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी पुलिसकर्मी महादेव मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया.

स्कूटी छोड़ने के बदले मांगी गई थी रिश्वत: मामला पुलिस चौकी में खड़ी एक स्कूटी से जुड़ा है. आरोप है कि स्कूटी को छोड़ने की एवज में दोनों पुलिसकर्मियों ने पहले 4 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. बाद में सौदा 3 हजार रुपये में तय हुआ. शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो को दी, जिसके बाद पूरी योजना बनाकर ट्रैप लगाया गया.

रंगे हाथों गिरफ्तारी, दूसरा आरोपी फरार: जैसे ही शिकायतकर्ता ने तयशुदा रकम हेड कांस्टेबल संजीव को सौंपी, पहले से घात लगाए बैठी ACB टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. हालांकि उसका साथी महादेव मौके से फरार होने में सफल रहा. ACB की टीमें अब फरार पुलिसकर्मी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं.

डीएसपी ने बताया कैसे हुई पूरी कार्रवाई: ACB के डीएसपी सतीश ने बताया कि “शिकायत मिलने के बाद पूरी कार्रवाई को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया. जांच में सामने आया कि पुलिस चौकी में खड़ी स्कूटी को छुड़वाने के लिए पहले 4 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, लेकिन बाद में 3 हजार रुपये में बात तय हुई. जैसे ही रिश्वत की रकम ली गई, टीम ने हेड कांस्टेबल संजीव को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. दूसरे आरोपी महादेव की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.