हरियाणा के बहादुरगढ़ में दो पक्षों में खूनी झड़प, गोलियां चलने से इलाके में फैला सनसनी

बहादुरगढ़ के कानोंदा गांव में मामूली विवाद के बाद हुई फायरिंग में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ के गांव कानोन्दा में रविवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। झगड़े के दौरान अचानक गोलियां चलने से दो सगे भाई साहिल और मोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज से गांव में हड़कंप मच गया। दोनों घायलों को आनन-फानन में बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गोलियां चल गईं। इसी दौरान गांव निवासी साहिल और उसका भाई मोहित गोली लगने से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घायलों के बयान भी दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार साहिल को एक गोली लगी है, जबकि मोहित के हाथ में गोली लगी है और कमर के पास छर्रे लगने के निशान मिले हैं।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि विवाद के दौरान गोली किसने चलाई और किस वजह से फायरिंग की गई। घटना के पीछे की असली वजह क्या थी और वारदात में कौन-कौन शामिल था, पुलिस इसकी गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ घटना की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि कानोन्दा में झगड़े के दौरान दो भाइयों को गोली लगने की सूचना मिली थी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.