हरियाणा: खेल मंत्री ने बांटे कोच पद के नियुक्ति पत्र; ‘मिशन ओलंपिक-2036’ का लक्ष्य
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने 23 खिलाड़ियों को सौंपे सीनियर और जूनियर कोच के नियुक्ति पत्र। 'मिशन ओलंपिक-2036' के तहत 36 मेडल जीतने का रखा लक्ष्य।
चंडीगढ़: हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में खिलाड़ियों को सीनियर और जूनियर कोच पदों के नियुक्ति पत्र बांटे. कार्यक्रम में 3 खिलाड़ियों को सीनियर कोच और 20 खिलाड़ियों को जूनियर कोच के पदों पर नियुक्त किया गया. नियुक्ति पाने वालों में पैरा खिलाड़ी भी शामिल रहे. इस दौरान खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को भविष्य में नई खेल प्रतिभाओं को तैयार करने का आह्वान किया.
नियुक्ति नहीं, सम्मान का प्रतीक: खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि, “हमने आज खिलाड़ियों को सिर्फ नियुक्ति पत्र नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और उपलब्धियों का सम्मान दिया है. यह आपकी लगन, निष्ठा और संघर्ष का परिणाम है. खिलाड़ियों को अपनी उपलब्धियों पर रुकना नहीं चाहिए, बल्कि ओलंपिक जैसे बड़े मंचों तक पहुंचने का लक्ष्य बनाए रखना चाहिए.”
युवाओं के लिए बनें प्रेरणा स्रोत: गौरव गौतम ने आगे कहा कि, “आपने हरियाणा और देश का नाम रोशन किया है. अब आपकी जिम्मेदारी है कि सफल कोच बनकर नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाएं और उनके लिए प्रेरणा स्रोत बनें. खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके परिवारों का त्याग और सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.”
मिशन ओलंपिक-2036 पर फोकस: खेल मंत्री ने कहा कि, “हरियाणा ने मिशन ओलंपिक-2036 के तहत 36 पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है. मेरा कोचों से आह्वान है कि वे 2035 तक प्रतिभावान खिलाड़ियों को तैयार करें और इस लक्ष्य को हासिल करने में योगदान दें. कोच का दायित्व है कि वह अनुशासन और समर्पण के साथ सरकार तथा खिलाड़ियों की उम्मीदों पर खरा उतरे.”
खेल ढांचे को मजबूत करने के निर्देश: राज्य के खेल ढांचे को लेकर गौरव गौतम ने कहा कि, “अधिकारियों को सभी खेल स्टेडियमों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं. जहां भी बुनियादी सुविधाओं या इंफ्रास्ट्रक्चर में कमी है, उसकी रिपोर्ट तैयार कर सुधार कार्य करवाए जाएंगे. खेल ढांचे की निगरानी के लिए डिप्टी डायरेक्टर की अध्यक्षता में कमेटियां गठित की गई हैं, जो जिलों में सुविधाओं की समीक्षा कर रही हैं.”
स्पोर्ट्स कोटे की भर्ती और विनेश फोगाट पर टिप्पणी: खेल मंत्री ने बताया कि, “स्पोर्ट्स कोटे के तहत भर्ती प्रक्रिया के लिए खेल विभाग ने हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन को प्रस्ताव भेज रखा है.” वहीं, विनेश फोगाट को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि, “वह खिलाड़ी हैं. खिलाड़ी का काम मैदान में खेलना है. उन्होंने खेल के मैदान में अपना प्रदर्शन किया है और पूरे देश ने उसे देखा है.”