हरियाणा: भीषण गर्मी में पेयजल और सड़क मरम्मत पर मंत्री रणबीर गंगवा के सख्त निर्देश

मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को फील्ड में रहने के दिए निर्देश। गर्मी में निर्बाध पेयजल आपूर्ति और मानसून से पहले सड़कों की मरम्मत के लिए वर्चुअल बैठकों पर जोर।

चंडीगढ़ : हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने दोनों विभागों के अधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौर में आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध करवाना तथा मानसून से पहले सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में जितना हो सके, फील्ड में रह कर समस्याओं का समाधान करें। बकायदा उन्होंने इस संबंध में एक्सईएन, एसडीओ को लेकर भी निर्देश दिये है।

साथ ही उन्होंने प्रदेशभर के उपायुक्त को पत्राचार करते हुए कहा कि प्रदेशभर में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी, जल संकट से संबंधित शिकायतों के समाधान, सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने तथा अन्य विकास कार्यों में लगातार जुटे हुए हैं। ऐसे समय में अधिकारियों का अधिक समय फील्ड में लगना आवश्यक है, ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी ईंधन संरक्षण, अनावश्यक यात्राओं में कमी तथा वर्चुअल बैठकों को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार द्वारा भी तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने इसी उद्देश्य से सभी उपायुक्तों से आग्रह किया गया है कि वर्तमान गर्मी के  मौसम में, जहां तक संभव हो, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग से संबंधित समीक्षा बैठकों का आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया जाए। इससे अधिकारियों का अधिक समय फील्ड कार्यों में लगेगा, प्रशासनिक समय एवं ईंधन की बचत होगी तथा पेयजल एवं सड़क संबंधी कार्यों में और अधिक तेजी लाई जा सकेगी।

लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जन सुविधाओं को मजबूत करने, विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.