हरियाणा में कमजोर पड़ने लगी मानसून की सक्रियता, 25 सितंबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार

हरियाणा में मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने लगी है। 25 सितंबर तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।

चंडीगढ़: मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में मानसून की सक्रियता अब कमजोर पड़ने लगी है. दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा 19 सितंबर को राजस्थान के रामगढ़, मोहनगढ़, फलौदी और खाजूवाला तक पहुंच गई है. राजस्थान के ऊपर एंटीसाइक्लोन बनने से प्रदेश में हवाओं का रुख बदलने की संभावना है. पूर्वी हवाओं की जगह अब पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं. इसके चलते अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां कम रहेंगी और दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है.

25 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम? हिसार स्थित हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉक्टर मदन खीचड़ के मुताबिक, प्रदेश में मानसून की सक्रियता घटने के साथ इसकी वापसी की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की संभावना है. 25 सितंबर तक हरियाणा में मौसम सामान्य तौर पर परिवर्तनशील, लेकिन मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने 20 सितंबर को प्रदेश के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है. इस दौरान मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है.

दिन में बढ़ेगी गर्मी, सुबह-शाम हल्की ठंडक: पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से वातावरण में नमी की मात्रा कम होने की संभावना है. इसके चलते दिन के तापमान में धीरे-धीरे हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, बीच-बीच में हल्के बादल छाए रह सकते हैं. दिन में तापमान बढ़ने के बावजूद सुबह और शाम के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी. यानी प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे मानसून से निकलकर बदलते मौसम की ओर बढ़ता नजर आएगा.

शनिवार को भी बढ़ा तापमान: शनिवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान में औसतन 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. नारनौल में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि महेंद्रगढ़ में 35.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान मेवात के मंडकोला में 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.