हरियाणा मौसम अपडेट: सिरसा में पारा 38 डिग्री पार; 4 जिलों में आंधी का अलर्ट

हरियाणा में धूप के तेवर हुए तेज, अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री बढ़ा। सिरसा सबसे गर्म जिला रहा। मौसम विभाग ने सिरसा, हिसार, फतेहाबाद और जींद के लिए आंधी का अलर्ट जारी किया।

चंडीगढ़: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही मौसम ने फिर करवट ले ली है. बादलों की आवाजाही घटने के साथ ही प्रदेश में धूप के तेवर तेज होने लगे हैं. पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में औसतन 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. हालांकि तापमान सामान्य से अभी भी नीचे बना हुआ है, जिसके कारण फिलहाल लू जैसे हालात नहीं हैं.

चार जिलों में धूलभरी आंधी का अलर्ट: मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों सिरसा, हिसार, फतेहाबाद और जींद में धूलभरी आंधी और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन इलाकों में गरज-चमक के साथ लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य और पश्चिमी हरियाणा में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिलेगा.

सिरसा सबसे गर्म: प्रदेश में सिरसा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा रोहतक में 37.5°C और हिसार में 35.9°C तापमान रिकॉर्ड हुआ. दूसरी ओर रात के तापमान में गिरावट जारी है. रोहतक प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.6°C दर्ज किया गया. करनाल में 17.4°C और चंडीगढ़ में 18°C तापमान रहा.

सुबह-शाम गुलाबी ठंड का एहसास: दिन में गर्मी बढ़ने के बावजूद सुबह और देर रात के समय ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है. पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं का असर प्रदेश के कई जिलों में महसूस किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को अभी राहत मिल रही है.

10 मई से फिर बदलेगा मौसम: वहीं, मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि, “7 से 10 मई तक मौसम सामान्यतः खुश्क रहेगा. इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी, जबकि रात का तापमान नीचे जा सकता है. 10 मई की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में फिर मौसम बदल सकता है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.