कैथल: चीका नगरपालिका सचिव निलंबित; गलियों और पौधों के नाम पर करोड़ों का घोटाला?

चीका नगरपालिका सचिव जितेंद्र कुमार भ्रष्टाचार के आरोपों में सस्पेंड। पार्षद का आरोप- बिना गली बनाए ठेकेदारों को हुआ भुगतान और गायब किया गया रिकॉर्ड रजिस्टर।

कैथल: चीका नगरपालिका के सचिव जितेंद्र कुमार को विकास कार्यों में अनियमितताएं बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है. इस बात की जानकारी कैथल डीएमसी ( District Municipal Commissioner) कपिल कुमार ने दी. ईमेल के माध्यम से सचिव के सस्पेंड होने की सूचना मिली.

‘लंबे समय से पालिका का रजिस्टर गायब’: बता दें कि वार्ड नंबर 2 के पार्षद दलबीर सीड़ा ने सचिव जितेंद्र कुमार के खिलाफ शिकायत की है. दलबीर सीड़ा ने बताया कि “लंबे समय से पालिका का रजिस्टर नंबर 35 गायब है. बार-बार मांग करने के बावजूद सचिव रजिस्टर को उनके सामने नहीं ला रहा था. सचिव जानते थे कि इसी रजिस्टर में विकास कार्यों में किए गए भ्रष्टाचार के राज छुपे हैं और यदि रजिस्टर सामने आया तो ये राज खुल जाएंगे.”

‘नहीं हुआ गली निर्माण’: दलबीर सीड़ा ने कहा कि “गत वर्ष वार्ड नंबर 2 व वार्ड नंबर 15 में गलियों के निर्माण के नाम पर नगरपालिका द्वारा ठेकेदारों को लाखों रुपए का भुगतान किया गया था, जबकि असल में वहां पर किसी भी गली का निर्माण नहीं किया गया था. इस मामले की उन्होंने विजिलेंस से जांच करवाई, तो सचिव ने साइटों के साथ छेड़छाड़ कर सबूतों को मिटाने के प्रयास किया और जांच के लिए विजिलेंस को रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करवाया.”

‘पौधे लगवाने के नाम लाखों रुपए के बिल पास करवाए’: सीड़ा ने आरोप लगाया कि “सचिव जितेंद्र कुमार ने शहर में पौधे व उनके ऊपर ट्री गार्ड लगवाने के नाम लाखों रुपए के बिल पास करवाए हैं, जबकि वास्तव में ना तो पौधे लगाए गए और ना ही ट्री गार्ड लगे. इन्हीं मामलों की जांच के लिए उन्होंने अन्य पार्षदों के साथ गत 12 फरवरी को विभाग के मंत्री विपुल गोयल व एसीएस को शिकायत की थी. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी, तो चीका नगरपालिका में विकास के नाम पर करोड़ों रुपए का घोटाले सामने आ सकते हैं.”

सचिव जितेंद्र कुमार ने जानें क्या कहा: इस बारे में सचिव जितेंद्र कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि “उनके पास भी सिर्फ ईमेल आई है. सस्पेंशन का कोई कारण इसमें नहीं बताया गया है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.