हरियाणा मौसम अपडेट: 27 जून से बारिश के आसार, गर्मी से मिलेगी राहत

हरियाणा में गर्मी का कहर जारी, लेकिन मौसम विभाग ने 27 से 30 जून तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश की संभावना। पढ़ें रिपोर्ट।

चंडीगढ़ : हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के अनुसार 27 जून से 30 जून तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि शुरुआती दिनों में सीमित क्षेत्रों में बारिश होगी, जबकि इसके बाद वर्षा की गतिविधियों में तेजी आ सकती है. इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

आज तीन जिलों में बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने आज पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा 27 जून और 29 जून से 1 जुलाई के बीच प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

तापमान सामान्य से ऊपर: हरियाणा के अधिकतम शुक्रवार को तापमान में औसतन 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. प्रदेश का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अंबाला में 41.6 डिग्री, हिसार में 41.3 डिग्री, करनाल में 41.2 डिग्री, भिवानी में 41 डिग्री, गुरुग्राम में 40 डिग्री और नारनौल में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

अगले पांच दिन ऐसा रहेगा मौसम: मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर होने वाली बारिश से गर्मी की तीव्रता में कमी आ सकती है. इसके बावजूद वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है.

लोगों और किसानों के लिए एडवाइजरी: मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को ताजा मौसम पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है. खेतों में काम करने वाले किसानों को विशेष सतर्कता बरतने और वाहन चालकों को तेज आंधी व बारिश के दौरान सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी गई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.