हरियाणा विधानसभा सत्र: महिला आरक्षण पर कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव आज

हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र आज। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएगी सैनी सरकार। क्रॉस वोटिंग वाले 5 निलंबित विधायक भी रहेंगे मौजूद।

हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में आज हंगामे के आसार हैं। सुबह 11 बजे शुरू होने वाले सत्र में सबसे पहले शोक प्रस्ताव पढ़े जाएंगे। इसके तुरंत बाद सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम (लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण देने वाला कानून) को लेकर कांग्रेस की भूमिका के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएगी। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के बीच टकराव की संभावना है।

नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसे लेकर सुबह साढ़े 9 बजे चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी। इस सत्र में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के कारण पार्टी से सस्पेंड पांच विधायक भी शामिल होंगे।

इनमें नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी, सढौरा की रेनू बाला, पुन्हाना के मोहम्मद इलियास, हथीन के मोहम्मद इसराइल और रतिया के विधायक जरनैल सिंह शामिल हैं। पांचों विधायकों को सदन में पार्टी व्हिप का पालन करना होगा। यदि वे इसका पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ पार्टी कार्रवाई कर सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.