हरियाणा: विनेश फोगाट के खिलाफ चुनाव लड़े योगेश बैरागी बने सोशल वेलफेयर बोर्ड चेयरमैन
हरियाणा सरकार की बड़ी नियुक्तियां: जुलाना से चुनाव लड़ चुके कैप्टन योगेश बैरागी सोशल वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन नियुक्त। गायक बिंदर दनोदा को मिला कला परिषद में अहम पद।
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राज्य में प्रशासनिक और सांगठनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए दो महत्वपूर्ण नियुक्तियों को हरी झंडी दे दी है। सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जुलाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन योगेश बैरागी को हरियाणा राज्य सोशल वेलफेयर बोर्ड (Haryana State Social Welfare Board) का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रदेश के जाने-माने लोक कलाकार और मशहूर हरियाणवी गायक बिंदर दनोदा को हरियाणा कला परिषद, हिसार मंडल का एडिशनल डायरेक्टर बनाया गया है।

विनेश फोगाट के खिलाफ हारे कैप्टन योगेश बैरागी को सरकार ने नवाजा
पूर्व कमर्शियल पायलट और भाजपा के युवा चेहरे कैप्टन योगेश बैरागी को सरकार ने एक बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपकर उनके सांगठनिक कद को और मजबूत किया है।बता दें कि कैप्टन योगेश बैरागी ने हालिया विधानसभा चुनाव में जींद जिले की सबसे चर्चित सीट जुलाना से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस बेहद हाई-प्रोफाइल मुकाबले में वे कांग्रेस उम्मीदवार और दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ चुनाव हार गए थे।
हार के बाद मिला बड़ा इनाम
भले ही चुनावी मैदान में योगेश बैरागी को शिकस्त का सामना करना पड़ा हो, लेकिन चुनाव के दौरान उनकी कड़ी मेहनत और सांगठनिक निष्ठा को देखते हुए सरकार ने उन्हें सोशल वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन पद से नवाजा है। अब उन पर प्रदेश में सामाजिक कल्याण की योजनाओं और नीतियों को धरातल पर उतारने का अहम जिम्मा होगा।