हांसी: चानौत गांव में भाखड़ा पाइपलाइन को लेकर टकराव, ग्रामीणों का ट्रैक्टर मार्च

हांसी के चानौत गांव में भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर 33 दिनों से धरना जारी। पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव के बाद ट्रैक्टर मार्च शुरू।

हांसी : हांसी के गांव चानौत में भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर पिछले 33 दिनों से चल रहे धरने के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच उस समय टकराव की स्थिति बन गई जब प्रदर्शनकारी लघु सचिवालय की ओर कूच करने लगे।

जानकारी के अनुसार, धरनारत ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर ट्रैक्टरों के साथ लघु सचिवालय पहुंचकर प्रदर्शन करना चाहते थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया।

ग्रामीणों के बढ़ते विरोध को देखते हुए प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद प्रशासन ने जींद बाईपास से लघु सचिवालय तक जाने की अनुमति दे दी। अनुमति मिलने के बाद ग्रामीण ट्रैक्टरों के साथ लघु सचिवालय के लिए रवाना हो गए।

पुलिस का कहना है कि वे आमरण अनशन पर बैठे ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने गए थे। हंगामा बढ़ता देख टीम और पुलिस लौट आई। इससे एक बार फिर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। आज ट्रैक्टर मार्च को लेकर प्रशासन अलर्ट है।

बता दें कि इससे पहले गांव चानौत के सरपंच प्रतिनिधि हिमांशु सहित ग्रामीणों ने बताया कि रात को दो बजे पुलिस ने अनशनकारियों पर अत्याचार किया था। पुलिस के द्वारा आंदोलनकारियों को घसीटा गया है। इसी अपील के बाद सुबह ज्यादा से ज्यादा लोग धरने पर पहुंचे थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.