हिसार: गोल्ड मेडलिस्ट बॉक्सर सोनिया का सम्मान, मंत्री ने की बड़ी घोषणाएं

हिसार की गोल्ड मेडलिस्ट बॉक्सर सोनिया को कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने किया सम्मानित। इंस्टीट्यूट के लिए 5 लाख की सहायता और सोनिया को नकद पुरस्कार का ऐलान।

हिसार: हिसार के आर्य नगर स्थित एमएस स्पोर्ट्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में गोल्ड मेडलिस्ट बॉक्सर सोनिया के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में हरियाणा के रणबीर गंगवा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे. उन्होंने सोनिया सहित अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि “सोनिया ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर आर्य नगर, हिसार, हरियाणा और पूरे देश का नाम रोशन किया है.”

“सोनिया अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी”: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि, “सोनिया का गोल्ड मेडल जीतना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है. उसकी सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी. खेलों में लगन, अनुशासन और मेहनत से ही गोल्ड मेडल हासिल किए जा सकते हैं.”

₹31 हजार पुरस्कार और 5 लाख की सहायता का ऐलान: समारोह के दौरान मंत्री ने सोनिया को 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की. साथ ही अपने मंत्री कोटे से एमएस स्पोर्ट्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के लिए 5 लाख रुपये की सहायता देने का भी आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि, “हरियाणा की खेल नीति देश में सबसे बेहतर है. ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकार करोड़ों रुपये का कैश अवॉर्ड देकर सम्मानित करती है.”

आर्य नगर की सड़कों के सुधार का भरोसा: कार्यक्रम के दौरान रणबीर गंगवा ने क्षेत्र की समस्याओं पर भी बात की. उन्होंने कहा कि, “गंगवा से आर्य नगर तक चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जाएगा और आर्य नगर की खराब सड़क को भी जल्द ठीक कराया जाएगा.” इस अवसर पर सोनिया की माता को भी सम्मानित किया गया, जबकि आयोजकों ने कैबिनेट मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया.

उज्बेकिस्तान में जीता गोल्ड, आठ घंटे करती हैं अभ्यास: एमएस स्पोर्ट्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के कोच मेवा सिंह ने बताया कि, “अंडर-15 वर्ग की खिलाड़ी सोनिया पिछले दो वर्षों से बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं. उन्होंने हाल ही में उज्बेकिस्तान में आयोजित एशियाई प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाया. सोनिया प्रतिदिन करीब आठ घंटे अभ्यास करती है. यही समर्पण उसकी सफलता का सबसे बड़ा कारण है. संस्थान में करीब 100 खिलाड़ी नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.