गुड़गांव: 70 लाख के नकली डायबिटीज इंजेक्शन जब्त, वजन घटाने के लिए हो रहा था खेल

गुड़गांव ड्रग कंट्रोल विभाग की बड़ी कार्रवाई: 70 लाख रुपये के नकली मौनजारो (Mounjaro) इंजेक्शन बरामद। दिल्ली ले जाई जा रही थी खेप, वजन घटाने के लिए हो रहा था गलत इस्तेमाल।

गुड़गांव : ड्रग कंट्रोल विभाग ने नकली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डायबिटीज में इस्तेमाल होने वाले मौनजारो इंजेक्शन का करीब 70 लाख रुपये का जखीरा जब्त किया है। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर अमनदीप चौहान ने सूचना के आधार पर टीम बनाकर रेड की और गुडगांव से दिल्ली जा रहे इस इंजेक्शन की बड़ी खेप को बरामद कर लिया। बरामद किए गए इंजेक्शन की कीमत 70 लाख रुपए बताई जा रही है जिसे 45 लाख रुपए में दिल्ली की मेडिसिन मार्किट में भेजा जा रहा था।

ड्रग कंट्रोल अधिकारी अमनदीप चौहान की माने तो मौनजारो इंजेक्शन मूल रूप से इटली की एक कंपनी द्वारा बनाया जाता है और शुगर के मरीजों के इलाज में काम आता है, लेकिन भारत में इसका गलत इस्तेमाल वजन घटाने के लिए भी किया जा रहा है। फिलहाल विभाग जांच कर रहा है कि नकली इंजेक्शन की इतनी बड़ी खेप कहां से आई और इसमें कौन-कौन शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई चेन का पता लगाकर पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी।

DCO अमनदीप चौहान ने लोगों से अपील की है कि दवाइयां सिर्फ लाइसेंसधारी केमिस्ट से बिल लेकर ही खरीदें और इंजेक्शन का बैच नंबर व पैकेजिंग जरूर चेक करें, विभाग ने जब्त इंजेक्शन के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए हैं, रिपोर्ट आने के बाद नकली दवा के सप्लायर और खरीदारों पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.