HSVP प्राइवेट प्रॉपर्टी पोर्टल लॉन्च: बिना बिचौलिए खरीदें-बेचें प्लॉट, जानें पूरी प्रक्रिया
हरियाणा में अब सीधे खरीदें और बेचें प्रॉपर्टी! HSVP के नए पोर्टल पर 29 अप्रैल तक करें पंजीकरण। गुरुग्राम, रोहतक और पंचकूला समेत 19 शहरों में बिचौलियों का खेल खत्म।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने प्रदेश के रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता लाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। अब आम जनता ‘प्राइवेट प्रॉपर्टी सेल-परचेज पोर्टल’ के माध्यम से सीधे संपत्तियों की खरीद-फरोख्त कर सकेगी। इस नई व्यवस्था से न केवल खरीदारों और विक्रेताओं के बीच से बिचौलियों (Propety Dealers) की भूमिका समाप्त होगी, बल्कि धोखाधड़ी की संभावना भी कम होगी।
29 अप्रैल तक पंजीकरण का मौका
प्राधिकरण के अनुसार, प्रदेश के चार प्रमुख जोन—रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला—के अंतर्गत आने वाले 19 संपदा कार्यालयों में यह सुविधा शुरू की गई है। इच्छुक लोग अपनी संपत्ति बेचने या नई संपत्ति खरीदने के लिए 29 अप्रैल तक पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।
30 अप्रैल से शुरू होगी खरीद-फरोख्त
मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 अप्रैल से पोर्टल पर संपत्तियों का लेनदेन शुरू हो जाएगा। HSVP ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संपत्तियों का क्षेत्रफल, श्रेणी, रिजर्व प्राइस और सटीक लोकेशन जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां पहले ही सार्वजनिक कर दी हैं।
इन शहरों में मिलेगा मौका
इस योजना के तहत कुरुक्षेत्र, करनाल, हिसार, हांसी, अंबाला, बहादुरगढ़, भिवानी, फरीदाबाद (कार्यालय 1 व 2), गुरुग्राम (कार्यालय 1 व 2), पलवल, पंचकूला, पानीपत, पिंजौर, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत के क्षेत्रों को शामिल किया गया है।