Weather Update Today: दिल्ली में आज आंधी-बारिश का अलर्ट; जानें मध्य प्रदेश, राजस्थान और मॉनसून पर IMD का बड़ा अपडेट
दिल्ली में 15 मई को छाएंगे बादल, आंधी-बारिश का अनुमान। एमपी-राजस्थान में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट, तो वहीं बंगाल की खाड़ी में इस दिन दस्तक देगा मॉनसून।
देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार यानी 15 मई को दिल्ली में बारिश का अनुमान है. आसमान में बादल छाए रहेंगे. 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है. वहीं, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि, 16 मई से एक बार फिर भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है. आने वाले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में एक या दो डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी की संभावना है.
मध्यप्रदेश और राजस्थान में भीषण गर्मी
एमरी के इंदौर में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया. वहीं भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, नर्मदापुरम और रतलाम समेत कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, देवास और गुना के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
राजस्थान में भी गर्मी और लू का दौर जारी है. फलोदी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश भी हुई, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिली. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है.
पहाड़ों पर कैसा है मौसम?
उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 15-16 मई के दौरान गरज के साथ बारिश की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है.
बिहार और झारखंड में बारिश का अलर्ट
पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और ओडिशा में 15 मई से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं पश्चिम भारत के गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 15 मई के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दक्षिण भारत में 15 मई से 17 मई तक केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.